Look Back 2022: कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव, मुलायम सिंह का निधन और नीतीश का यूटर्न…भारतीय राजनीति की 10 बड़ी घटनाएं

Read Time:9 Minute, 18 Second

Look Back 2022: कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव, मुलायम सिंह का निधन और नीतीश का यूटर्न…भारतीय राजनीति की 10 बड़ी घटनाएं । साल 2022 खत्म होने की ओर है। यह साल कई उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। खास बात ये रही है कि करीब 2 साल के कोरोना प्रतिबंधों के बाद इस साल लोगों को खुली हवा में सांस लेने का मौका मिल सका।

वहीं, भारत के राजनीतिक गलियारे में भी कई उठापटक और नई घटनाएं देखने को मिली। साल की शुरुआत उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मौसम के साथ हुई। साल के आखिर में पीएम नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में भी विधानसभा चुनाव हुए। इसके अलावा भी कई अहम घटनाक्रम रहे। आइए ऐसी 10 बड़ी घटनाओं पर नजर डालते हैं।

1. कई राज्यों में चुनाव: साल 2022 में गोवा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर, हिमाचल प्रदेश, गुजरात विधानसभा सहित दिल्ली एमसीडी चुनाव देखने को मिले। भाजपा ने इनमें से पांच राज्यों- गोवा, उत्तराखंड, मणिपुर, उत्तर प्रदेश और गुजरात में जीत हासिल की। कांग्रेस को एक राज्य- हिमाचल प्रदेश में जीत मिली। आम आदमी पार्टी के लिए साल शानदार रहा। पंजाब में जीत के साथ पार्टी ने दिल्ली एमसीडी में जीत हासिल की। गुजरात में भी आप ने 5 सीटें अपने नाम की।

2. कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव: पिछले 25 सालों में पहली बार हुए कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव इस साल की सबसे बड़ी राजनीतिक खबरों में से एक रहा। देश की सबसे पुरानी पार्टी को लेकर हमेशा यह आलोचना होती रही थी कि इसकी कमान गांधी परिवार के हाथ में रहती है। आखिरकार 17 अक्टूबर को चुनाव हुए और 19 अक्टूबर को वोटों की गिनती हुई। मल्लिकार्जुन खड़गे ने बड़े अंतर से शशि थरूर को हराकर अध्यक्ष पद का चुनाव जीता।

3. भारत जोड़ो यात्रा: कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी पार्टी की खोई हुई चुनावी जमीन को फिर से हासिल करने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चला रहे हैं। गांधी के नेतृत्व वाली पदयात्रा ने हाल ही में 100 दिन पूरे किए। बीजेपी ने इसे ‘ब्रांड राहुल’ को फिर से लॉन्च करने की पहल बताया है। कन्याकुमारी से जम्मू-कश्मीर तक 3,570 किलोमीटर की यह यात्रा 150 दिनों तक चलेगी।

4. विवादों में रहे ‘आप’ मंत्री: साल 2022 में केजरीवाल कैबिनेट के मंत्री भी खूब खबरों में रहे। विवाद भी साथ-साथ चलते रहे। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे। जैन मनी लॉन्ड्रिंग मामले और अन्य मामलों में 30 मई से जेल में बंद हैं। हिमाचल प्रदेश और गुजरात में विधानसभा चुनावों से ठीक पहले, सिसोदिया के खिलाफ भी सीबीआई द्वारा प्राथमिकी दर्ज की गई और उनके आवास पर केंद्रीय जांच एजेंसी ने शराब घोटाले के सिलसिले में छापा भी मारा। ईडी और सीबीआई के इन कदमों से आप और भाजपा की राजनीतिक लड़ाई और तेज हो गई।

5. नीतीश कुमार की ‘पलटीमार’ राजनीति: साल 2022 बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड के नेता नीतीश कुमार के राजनीतिक करियर के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ रहा। उन्होंने महागठबंधन में शामिल होकर एक और यू-टर्न ले लिया। अगस्त में उन्होंने एनडीए छोड़ दिया और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के समर्थन से सरकार बनाई। नीतीश ने यह भी घोषणा की है कि वह भाजपा के खिलाफ एक अभियान चलाएंगे। यही नहीं उन्होंने एक तरह से तेजस्वी यादव को अपना उत्तराधिकारी भी घोषित कर दिया। हालांकि, छपरा में जहरीली शराब के सेवन से 75 लोगों की मौत के बाद वह आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं।

6. शिवसेना में दो फाड़: साल 2022 उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के लिए बेहद बुरा साबित हुआ। पार्टी दो हिस्सों में बंट गई। इसी साल जून में, शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व किया। वह दर्जनों विधायकों के साथ गुवाहाटी चले गए। कई दिनों के राजनीतिक ड्रामे के बाद आखिरकार उद्धव ठाकरे को सीएम की कुर्सी गंवानी पड़ी। शिंदे ने अपने गुट के साथ भाजपा से हाथ मिलाते हुए नई सरकार बना ली। बहरहाल, पार्टी के मालिकाना हक का मामला सुप्रीम कोर्ट में है। राज्यों में कई हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारियां भी हुईं, जिनमें पूर्व मंत्री- अनिल देशमुख और नवाब मलिक के नाम शामिल हैं।

7. मुलायम सिंह यादव का निधन: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन इस साल हो गया। उन्होंने 10 अक्टूबर को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह तीन बार यूपी के सीएम रहे।

8. नेशनल हेराल्ड केस: नेशनल हेराल्ड केस ने 2022 में गांधी परिवार को परेशान किया। सोनिया गांधी और राहुल गांधी को पहली बार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश होना पड़ा। सोनिया गांधी तीन बार ईडी के सामने पेश हुईं जबकि ईडी दफ्तर में राहुल गांधी से 5 बार पूछताछ हुई। ईडी के कदम के खिलाफ कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति दर्ज की। पार्टी की ओर से व्यापक प्रदर्शन भी किए गए। पुलिस के साथ झड़प में पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम घायल भी हो गए। कुल मिलाकर गांधी परिवार जब भी ईडी के सामने पेश हुआ, कांग्रेस सुर्खियों में रही।

9. ‘आप’ राष्ट्रीय पार्टी: 2022 अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी के लिए काफी अच्छा रहा। हाल ही में गुजरात में हुए चुनाव में 13 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने के बाद आप एक राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। इसने पश्चिमी राज्य में अपना खाता खोलते हुए 5 सीटें जीतीं। दिल्ली नगर निगम में बीजेपी के 15 साल के वर्चस्व को खत्म करने में भी आप को सफलता मिली। 10 साल पुरानी पार्टी ने पंजाब में भी जीत हासिल कर इतिहास रचा।

10. केंद्रीय एजेंसियां रहीं सक्रिय: केंद्रीय जांच एजेंसियां जैसे- प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआई इस साल राजनीतिक लोगों के खिलाफ काफी सक्रिय दिखीं। साल 2022 में ये एजेंसियां खबरों में रही। सोनिया गांधी से लेकर राहुल गांधी, मनीष सिसोदिया, डीके शिव कुमार और कई अन्य जैसे शीर्ष नेताओं से पूछताछ की गई। ईडी ने शिवसेना सांसद संजय राउत, आप मंत्री सत्येंद्र जैन और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्रियों- अनिल देशमुख और नवाब मलिक को गिरफ्तार भी किया।

Source : “Lokmat News”

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post नेतन्याहू फिर बनेंगे इजरायल के PM, डेडलाइन खत्म होने से 20 मिनट पहले किया गठबंधन सरकार का ऐलान
Next post सहमति से संबंध की आयु को घटाकर 16 वर्ष करने पर कोई विचार नहीं – केन्द्र सरकार
error: Content is protected !!