
सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार में कब होगा मंत्रिमंडल विस्तार, मुख्यमंत्री के लौटने से पहले कांग्रेसियों के बीच गरमाई राजनीति ।प्रदेश में एक बार फिर सियासी पारा बढ़ने वाला है। वजह भी साफ है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) वापस हिमाचल प्रदेश आ रहे हैं। विगत दिनों कोरोना पॉजिटिव (Covid 19) होने के बाद सुक्खू हिमाचल सदन दिल्ली में क्वारंटीन थे।
सुक्खू के राजधानी शिमला पहुंचने से पहले ही कांग्रेसियों ने डेरा डाल दिया है।
सुक्खू सरकार में मंत्रिमंडल में जगह पाने के लिए कांग्रेस ने एक बार फिर लॉबिंग शुरू कर दी है। कोरोना पॉजिटिव आने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार फिलहाल टल गया था, जिसके बाद मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए लॉबिंग कर रहे कांग्रेस विधायकों को और समय मिला। हालांकि, राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि मंत्रिमंडल में कौन-कौन से विधायकों को जगह मिलने वाली है, इस बार कांग्रेस हाईकमान के साथ वार्ता के बाद नाम लगभग फाइनल हो गए हैं।
शीतकालीन विधानसभा सत्र 22 दिसंबर से था
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का तीन दिवसीय शीतकालीन सत्र 22 दिसंबर से प्रस्तावित था। इसी दिन हिमाचल के नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण समारोह भी होना था। अधिसूचना के मुताबिक, राज्यपाल राजिंदर विश्वनाथ अर्हलेकर ने धर्मशाला के पास तपोवन विधानसभा परिसर में 22 दिसंबर को सुबह 11 बजे तीन दिवसीय शीतकालीन सत्र आहूत किया है। सूत्र बताते हैं कि विधानसभा सत्र अब अगले साल 2023 में ही होगा।
Source : “Live हिन्दुस्तान”