
जन आभार रैली: सीएम सुक्खू कल धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम से जताएंगे कांगड़ा का आभार। मुख्यमंत्री बनने के बाद सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहली बार जिला कांगड़ा में विशाल जन आभार रैली में कांगड़ा की जनता का विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत के लिए आभार जताएंगे।
जन आभार रैली में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और कांग्रेस के सभी विधायक उपस्थित रहेंगे।
शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि मुख्यमंत्री सुक्खू के स्वागत को लेकर कांगड़ा की जनता बेहद उत्सुक है। मुख्यमंत्री प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद पहली बार कांगड़ा आ रहे हैं। धर्मशाला में आभार रैली बहुत भव्य होगी।
पठानिया ने बताया कि जिला कांगड़ा के सभी 15 ब्लॉकों से जन आभार रैली में 15,000 लोग धर्मशाला पहुंच रहे हैं। रैली के सफल आयोजन के लिए ब्लॉक स्तर पर बैठकें की गई हैं। प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दे दिए हैं। आभार रैली सुबह 11:30 बजे शुरू होगी और 2:30 बजे तक चलेगी। मुख्यमंत्री सुबह दिल्ली से धर्मशाला पहुंचेंगे।
शाम सात बजे होगी भाजपा और कांग्रेस विधायक दल की बैठक
चार से छह जनवरी तक चलने वाले शीतकालीन सत्र से पहले मंगलवार शाम को कांग्रेस और भाजपा की विधायक दल की बैठक होगी। इसमें दोनों दल आगामी विस सत्र के लिए रणनीति बनाएंगे। कांग्रेस विधायक दल की बैठक शाम 7:00 बजे सर्किट हाउस में होगी, जबकि भाजपा विधायक दल की बैठक शाम 7:00 बजे निजी होटल में होगी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
Source : “अमर उजाला”