विधायक सुरेश कुमार ने 41 जरुरतमंदों को बांटे 14.57 लाख रुपये

मुख्यमंत्री राहत कोष वित्तीय सहायता के तहत मंजूर की गई है यह राशि

भोरंज 31 अगस्त। विधायक सुरेश कुमार ने शनिवार को यहां लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित एक कार्यक्रम में क्षेत्र के 41 जरुरतमंद लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष वित्तीय सहायता के तहत लगभग 14.57 लाख रुपये की राशि के दस्तावेज वितरित किए तथा यह राशि ऑनलाइन माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में हस्तांतरित की।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि गंभीर बीमारियों के शिकार गरीब एवं जरुरतमंद लोगों को प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित करने के साथ-साथ मुख्यमंत्री राहत कोष से भी आर्थिक मदद प्रदान की जा रही है। सुरेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू इस तरह के जरुरतमंद लोगों की प्राथमिकता के आधार पर मदद करते हैं। उन्होंने बताया कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से सबसे ज्यादा लोगों की मदद की गई है। सुरेश कुमार ने बताया कि अभी इस तरह के कई अन्य मामलों में भी धनराशि मंजूर की गई जोकि शीघ्र ही जरुरतमंद लोगों के खातों में डाल दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे लोगों के लिए यह राशि बहुत बड़ा सहारा साबित होगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने आम लोगों की समस्याएं भी सुनीं और इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर दिया। जबकि, अन्य जनसमस्याओं के अतिशीघ्र समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
इस मौके पर एसडीएम संजय स्वरूप, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजीव लाल मेहर, अन्य पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post ठोस कचरा के उचित निपटान पर लोगों को जानकारी प्रदान कर जिला को बनाया जाएगा अव्वल जिला-उपायुक्त किन्नौर
Next post इवान सिक्योरिटी फंक्शन में भरें जाएंगे 215 पद